Latest News

कारगिल विजय दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा : यश अग्रवाल

कारगिल विजय दिवस पर भाजयुमो के नेतृत्व मेें निकाला गया मशाल जुलूस, सैंकड़ों की संख्या में शामिल हुए लोग
कारगिल विजय दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा : यश अग्रवाल
सुधीर द्विवेदी एमपीसीजी न्यूज़ 29
सागर.
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सागर जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल के नेतृत्व में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर वीर जवानों की शहादत और उनकी वीरता को स्मरण करते हुए विशाल मशाल जुलूस का आयोजन किया गया। जिसमें कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि समर्पित की गई। 
मशाल जुलूस गुरूवार शाम 6 बजे सागर के मुख्य चौराहे सिविल लाइन से शुरू हुआ और यह विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समाप्त हुआ। इस जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, समाजसेवी, पूर्व सैनिक और नागरिक ने भाग लिया। मशाल जुलूस के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह दिन हमारे वीर सैनिकों की बहादुरी और बलिदान का प्रतीक है। हमारे जवानों ने दुर्गम परिस्थितियों में अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की। हम सभी को उनकी शहादत पर गर्व है और इस दिन को मनाकर हम उनकी स्मृति को नमन करते हैं। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि कारगिल विजय दिवस  हमारे सैनिकों की अद्वितीय वीरता, साहस, और बलिदान को श्रद्धांजलि देने का दिन है। हमारे सैनिकों ने कारगिल युद्ध में दृढ़ संकल्प से देश की सुरक्षा सुनिश्चित की और हमें गर्व का अनुभव कराया। 
शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों का बलिदान हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ये जवान सच्चे नायक हैं। नगर निगम अध्यक्ष वृदांवन अहिरवार ने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए सभी सैनिकों की शहादत पर पूरे देश को गर्व है और हमें उनके परिवारों के प्रति भी सम्मान और आभार प्रकट करना चाहिए। उनका बलिदान हमेशा हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा।
कार्यक्रम संयोजक भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल करना है। यह मशाल जुलूस न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है, बल्कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करने का भी एक तरीका है। इस प्रकार के आयोजन से न केवल शहीदों की स्मृति को जीवित रखा जा सकेगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ भी पढ़ाएगा और कारगिल विजय दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ नागरिक, स्थानीय नेता, और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उपस्थित जन समूह ने इस कार्यक्रम में शामिल होकर वीर सैनिकों की शहादत को नमन किया। 

------------
gvnews

Comments