Latest News

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी की श्रीमद भागवत कथा

सुबह 8 बजे रुद्राक्ष धाम बमोरा से निकलेगी कलश यात्रा
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीमद भागवत कथा आपके सागर शहर में ।
सुधीर द्विवेदी एमपीसीजी न्यूज़29 सागर एमपी

सागर। बहेरिया स्थित बांके बिहारी नगर में सोमवार से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीमद भागवत कथा शुरू होने जा रही है। इसके लिए पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री सोमवार की सुबह सागर पहुंचेंगे। जिसके बाद सुबह 8 बजे कलश यात्रा बामोरा स्थित रुद्राक्ष धाम से प्रारंभ होकर, दीपाली होटल, बड़े शंकर जी के सामने से होते हुए लिंक रोड द्वार से कथा स्थल पहुंचेगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जिसे लेकर पुलिस और प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके बाद शाम 4 बजे से प्रतिदिन श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
कथा की तैयारियों को लेकर रविवार को दिन भर समितियों की बैठक का दौर चला। वहीं आयोजन को लेकर रविवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य आयोजक भूपेंद्र सिंह बहेरिया, संदीप दुबे, विधायक प्रदीप लारिया, स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय से अनिल तिवारी,केशव महाराज, शुभम सिंह, सुर्वेंद्र सिंह,  मौजूद थे। आयोजकों ने बताया कि कथास्थल पर संत निवास, भाेजनशाला, स्वास्थ्य सुविधाएं, शौचालय, पार्किंग, वीआईपी पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं के लिए स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं। आयोजक भूपेंद्र सिंह बहेरिया ने बताया 111 एकड़ क्षेत्र में हो रहे इस कार्यक्रम के लिए पार्किंग, कथा स्थल तथा मेला स्थल बनाया गया है। 
कथा स्थल पर 4 बड़े पार्किंग जोन और 7 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इनमें से 6 प्रवेश द्वार आम जनता के लिए और एक वीआईपी प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। कथा स्थल पर विभिन्न समितियों की जिम्मेदारी संभाल रहे लोगों को अधिकृत पास दिए गए हैं। कथा का आयोजन 30 अप्रैल तक किया जाएगा।
26 अप्रैल को लगेगा दिव्य दरबार
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि पं.धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर धाम का दिव्य दरबार 26 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक लगेगा। कथा स्थल पर रविवार को विधायक प्रदीप लारिया पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने नरयावली विधानसभा की विभिन्न पंचायतों से 150 पानी के टैंकरों की व्यवस्था कराई। इसके अलावा पंडाल में पानी के मटके रखे जा रहे हैं।
gvnews

Comments