Latest News
सागर से सुधीर द्विवेदी
फसलों का भी सर्वे करवाकर फसल बीमा की राशि दिलाई जाएगी - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
सागर,24 अगस्त 2022
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बाद जिन खेतों, घरों में पानी घुसा, फसलें बर्बाद हुई है तथा कच्चे घरों और सामान का नुकसान हुआ , उन्हें राहत राशि दिलवाई जाएगी । मुख्य मंत्री चौहान आज बीना रिफाइनरी हेलीपैड पर पहुंचने के बाद विदिशा जिले के कुरवाई स्थित बाढ़ आपदा केंद्र में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बाढ़ का पानी जैसे ही उतरेगा, उसके तत्काल बाद हुए नुकसान का सर्वे करवाया जाएगा।इस अवसर पर सागर के सांसद राज बहादुर सिंह ,विधायक महेश राय और पूर्व विधायक वीरसिंह पवार, सागर संभागायुक्त मुकेश शुक्ला, आईजी अनुराग, सागर कलेक्टर दीपक आर्य पुलिस अधीक्षक तरुण नायक तथा जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने बाढ़ प्रभावितों से कहा कि जिनके घर गिर गए हैं, उनके घर के निर्माण के लिए भी राशि दिलाई जाएगी। जिनके घर - गृहस्थी का सामान बह गया तथा अनाज का नुकसान हुआ है,उन्हें भी पूरी मदद दिलाई जाएगी ।मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि वे चिंता न करें बाढ़ पीड़ितों को संकट के पार निकालकर उनकी हर संभव मदद की जाएगी ।मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वे होगा। सर्वे की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करवाई जाएगी। किसी को आपत्ति होने पर उसकी सुनवाई भी होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आपदा में कोई मतभेद या भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी को मिलकर विषम परिस्थिति का सामना करना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने युवा मोर्चा, सामाजिक संस्थाओ और जनप्रतिनिधियों का सहयोग देने के लिए आभार भी माना। मुख्य मंत्री कुरवाई के बाद बीना रिफायनरी हेलीपैड पहुंचे ,जहां से वे भोपाल के लिए रवाना हो गए।
Comments
Post a Comment