Latest News

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने खुरई में विशाल कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया


सागर से सुधीर द्विवेदी की रिपोर्ट
1180 प्रशिक्षुओं को एक साथ मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

सागर-  खुरई नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आज यहां राष्ट्रीय शहरी विकास मिशन के अंतर्गत 1180 प्रशिक्षुओं की क्षमता वाले कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। मंत्री श्री सिंह ने इसके साथ ही यह घोषणा भी की है कि शीघ्र ही इस प्रशिक्षण केंद्र की क्षमता बढ़ा कर 5000 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने योग्य कर दी जाएगी और इसके लिए कौशल प्रशिक्षण केंद्र का संपूर्ण संसाधनों से लैस पृथक भवन भी बनाया जाएगा। 
     इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यहां विभिन्न ट्रेड में तीन चार महीने की अवधि के प्रशिक्षण लेकर पंद्रह बीस हजार रुपए प्रतिमाह के रोजगार आसानी से प्रशिक्षुओं को मिल सकेंगे। प्लेसमेंट के लिए कंपनियों के प्रतिनिधि भी यहां बुलाए जाएंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह युग कौशल और हुनर सीखने का है और इसी में रोजगार की वास्तविक संभावनाएं हैं। कुछ वर्षों में ही क्षेत्र की एक भी बहिन बेटी बेरोजगार नहीं रहेगी यह हमारा लक्ष्य है। 
     मंत्री श्री सिंह ने बताया कि एनयूएलएम के तहत यहां के लिए दो करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की जा रही है। यह पहली नगर पालिका है जहां इतना बड़ा कौशल विकास केन्द्र शुरू किया गया है। यहां तीन सामुदायिक भवनों में यह कौशल प्रशिक्षण आरंभ किए गए हैं। विभिन्न ट्रेड के 1180 प्रशिक्षुओं से आरंभ हो रहे इस प्रशिक्षण केंद्र में शीघ्र ही और ज्यादा ट्रेड जुड़ेंगे और प्रशिक्षुओं की संख्या बढ़ाकर पांच हजार कर दी जाएगी। पांच हजार की क्षमता वाले भवन के निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यहां से प्रशिक्षण लेकर बहिनें स्वसहायता समूह बना कर स्वयं के काम भी आरंभ कर सकती हैं जिसके लिए सरकार आसान ऋण दे रही है और उत्पादों की बिक्री में भी सहायता करती है। इस अवसर पर मंत्री भूपेंद्र सिंह ने विभिन्न महिला स्वसहायता समूहों को उनकी इकाईयों के लिए बैंक लिकेंज की कुल 32 लाख 50 हजार रुपए की राशि के चेक वितरित किए। इनमें से जय भीम स्वसहायता समूह जरवांस के लिए 5 लाख, श्रीकृष्णा स्वसहायता समूह जरवांस के लिए 5 लाख, रविदास स्वसहायता समूह जरवांस के लिए 5 लाख, लक्ष्मी स्वसहायता समूह जरवांस के लिए 5 लाख, वंदना स्व सहायता समूह निर्मला के लिए 3 लाख, जय गुरुदेव स्व सहायता समूह जगदीश पुरा के लिए 2 लाख, राधेश्याम स्व सहायता समूह जगदीश पुरा के लिए 2 लाख, गेंदा व राम जी राम स्व सहायता समूहों होता के लिए एक-एक लाख रूपए, जूही स्व सहायता समूह जगदीश पुरा के लिए एक लाख रुपए राशि के चेक शामिल हैं। इसके अलावा मंत्री श्री सिंह ने 20 स्वसहायता समूहों को आवर्ती निधि राशि के रूप में दस-दस हजार रुपए की राशि भी प्रदान की है। 
     मंत्री भूपेंद्र सिंह ने महिला स्वसहायता समूहों के अधिक से अधिक गठन को प्रोत्साहन देने की अपील क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों से की है। खुरई नगर पालिका क्षेत्र में में अब तक पीएम स्वनिधि योजना के 1130 हितग्राहियों को दस हजार रुपए के मान से 113 लाख रूपए तथा 131 हितग्राहियों को बीस हजार रुपए मान से 26.20 लाख रूपए वितरित किए जा चुके हैं। स्वरोजगार योजना अंतर्गत 23 हितग्राहियों को 30.90 लाख रूपए की राशि का वितरण हो चुका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों व महिलाओं सहित गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों व सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।


gvnews

Comments